पालघर: पालघर जिले में आश्रम स्कूलों के लगभग 250 छात्र जहरीला भोजन करने से बीमार पड़ गए हैं। पालघर जिले के दहानू तालुका में लगभग 10 आश्रम-स्कूलों में छात्रों के खाने में जहर पाया गया है। जहर मिला खाना खाने के कारण 250 से अधिक बच्चे बीमार पड़ गए है। इसके बाद छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आश्रम स्कूल आदिवासी छात्रों के लिए एक आवासीय विद्यालय हैं। प्रभावित स्कूल दहानू, पालघर, तलासारी और वसई तालुका के बताए जा रहे हैं। पालघर निवासी डिप्टी कलेक्टर सुभाष भागाडे ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि, एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना (आईटीडीपी) के दहानू परियोजना के अंतर्गत बने कई आश्रम विद्यालयों के 250 से अधिक संख्या में छात्रों ने दोपहर का खाना खाया। खाना खाने के कुछ घंटे बाद बच्चों ने उल्टी और चक्कर की शिकायत की, जिसके तुरंत बाद उन्हें जिले की अलग-अलग स्वास्थ्य सुविधा केंद्रों में भर्ती कराया गया है।
फूड प्वाइजनिंग किस वजह से हुई इसकी जांच की जा रही है। अस्पतालों में भर्ती छात्रों की चिकित्सा की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि, घटना जिले के दहानू, पालघर, तलासारी और वसई तालुका में स्थित स्कूलों में हुई हैं। मंगलवार शाम करीब तीन बजे 28 छात्राएं बीमार हो गईं, जिन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए ले जाया गया।
पालघर के दहानू में आईटीडीपी के परियोजना अधिकारी डॉ. सत्यम गांधी के अनुसार, अस्पतालों में भर्ती हुआ कोई भी छात्र गंभीर नहीं है। आश्रम स्कूलों में भोजन की आपूर्ति पालघर स्थित केंद्रीय रसोई से की जाती है। बात दें कि, घटना के बाद जांच के लिए खाने के नमूने विश्लेषण के लिए इकट्ठे किए गए हैं। डीएम गोविंद बोडके ने स्वास्थ्य विभाग और अन्य अधिकारियों के साथ दहानू और तलासरी तालुका के अस्पतालों का दौरा किया हैं, जहां फूड प्वाइजनिंग से बीमार छात्रों को भर्ती कराया गया है।